रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस फिल्म को न केवल दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग भी इसकी सराहना कर रहे हैं। सिनेमाघरों में जारी इस सफलता के बीच अक्षय कुमार ने भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही उन्होंने इस बात पर भी खुलकर अपनी राय रखी कि क्या धुरंधर 2 की कामयाबी का उनकी आगामी फिल्म भूत बंगला पर किसी तरह का असर पड़ेगा या नहीं।
क्या बोले धुरंधर और भूत बंगला को लेकर अक्षय कुमार
अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला 10 अप्रैल को रिलीज के लिए तैयार है। इस दौरान एक इंटरव्यू में अभिनेता ने फिल्म को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी ऑडियंस तक पहुंच बनाना बेहद उत्साहजनक है और यह फिल्म भारतीय सिनेमा को एक नए स्तर पर ले जाने का काम कर रही है। अक्षय के अनुसार, किसी फिल्म का तीन हफ्ते तक अच्छा प्रदर्शन करना इंडस्ट्री के लिए सकारात्मक संकेत होता है। उन्होंने यह भी बताया कि जब फिल्में अच्छा करती हैं, तभी कलाकारों और मीडिया के बीच बातचीत के अवसर बढ़ते हैं, वरना ऐसे प्लेटफॉर्म कम ही मिल पाते हैं।
अक्षय बोले वो एडल्ट फिल्म, हमारी फैमिली मूवी है
अक्षय कुमार ने आगे कहा कि वह फिल्म रियलिस्टिक अप्रोच और एक्शन पर आधारित है, साथ ही उसकी श्रेणी वयस्क दर्शकों के लिए है, जबकि उनकी फिल्म एक पारिवारिक मनोरंजन है। उनके अनुसार, इंडस्ट्री के नजरिए से यह सकारात्मक बात है कि सभी प्रकार की फिल्में अच्छा प्रदर्शन करें, क्योंकि इससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री को फायदा होता है।
भूत बंगला के बारे में जानें
फिल्म भूत बंगला एक हॉरर-कॉमेडी प्रोजेक्ट है, जिसमें अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी और राजपाल यादव जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि फिल्म में दिग्गज अभिनेता असरानी की भी उपस्थिति देखने को मिलेगी, जिनका पिछले साल 20 अक्टूबर को निधन हो गया था। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं, और इसके जरिए अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी करीब 14 साल बाद एक बार फिर साथ काम करती दिखाई देगी।
डकैत से होगा भूत बंगला का क्लैश
ध्यान देने वाली बात यह है कि धुरंधर 2 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जबकि भूत बंगला 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। इन दोनों फिल्मों के बीच किसी बड़ी फिल्म की रिलीज नहीं हुई, जिससे बॉक्स ऑफिस पर एक खाली स्लॉट देखने को मिला। हालांकि, भूत बंगला का मुकाबला अब डकैट: अ लव स्टोरी से होने वाला है, जिसमें मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। शुरुआत में इस फिल्म का क्लैश धुरंधर 2 के साथ तय था, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया।
इसी बीच, यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक की रिलीज डेट भी बदल दी गई। पहले यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में मेकर्स ने इसकी रिलीज को स्थगित करने का फैसला लिया।