Silver Price Today: एमसीएक्स पर चांदी की कीमतों में हाल के समय में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर 4,39,337 रुपये से तुलना करें तो सिल्वर अब तक करीब 47 प्रतिशत टूट चुका है, जिससे इसकी कीमत में लगभग 2,06,737 रुपये की कमी आई है। फिलहाल MCX पर चांदी का भाव करीब 2,32,600 रुपये के आसपास बना हुआ है। ऐसे में निवेशकों के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या कीमतों में अभी और गिरावट देखने को मिल सकती है।
गुरुवार को भी चांदी की कीमतों में गिरावट रही जारी
एक्सपर्ट्स का मानना है कि हालिया गिरावट मुख्य रूप से प्रॉफिट बुकिंग का परिणाम है। गुरुवार को भी चांदी की कीमतों में तेज कमजोरी दर्ज की गई थी। 2 अप्रैल को डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के बाद बाजार में अचानक दबाव बढ़ा, जिसके चलते चांदी के भाव फिसल गए। एमसीएक्स पर सिल्वर फ्यूचर्स करीब 4.48% तक गिर गया। वहीं, 5 मई के कॉन्ट्रैक्ट में लगभग 7.8% यानी करीब 19,001 रुपये की गिरावट देखने को मिली। इस भारी गिरावट के बाद इंट्रा-डे कारोबार के दौरान कीमतें फिसलकर करीब 2,24,500 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गईं।
इंटरनेशनल मार्केट में सस्ती हुई चांदी
घरेलू बाजार के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भी चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर की कीमत करीब 5.49 डॉलर यानी लगभग 7.32 प्रतिशत घटकर 69.57 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। अमेरिकी डॉलर में लगातार मजबूती का सीधा असर चांदी की मांग और कीमतों पर पड़ता दिखाई दे रहा है। गौरतलब है कि युद्ध की शुरुआत के बाद से अब तक चांदी के दामों में करीब 20 प्रतिशत तक की गिरावट आ चुकी है, जो निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
सोने की कीमतों में भी गिरावट
इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल को सोने की कीमत 1,49,569 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई थी, जो 2 अप्रैल (गुरुवार) की सुबह घटकर 1,45,507 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं, IBJA द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चांदी का भाव 2,24,600 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बना हुआ है।
यह जानकारी केवल सामान्य अवगत कराने के उद्देश्य से दी गई है और इसे निवेश सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव कई आर्थिक और वैश्विक कारकों पर निर्भर करता है। इसलिए किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले सावधानीपूर्वक विचार करना जरूरी है। यहां प्रस्तुत विशेषज्ञों के विचार उनके निजी आकलन पर आधारित हैं।