‘Dhurandhar 2’ की धूम के बीच विकी कौशल ने क्यों नहीं देखी फिल्म? खुद बताया कब देखेंगे रणवीर सिंह की सुपरहिट मूवी

आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले ही हफ्ते में इस फिल्म ने भारत में 600 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है। बड़े पर्दे पर सफलता के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है, जहां आम दर्शकों से लेकर फिल्मी सितारे तक इसकी सराहना कर रहे हैं। इसी बीच अभिनेता विकी कौशल ने खुलासा किया कि उन्हें फिल्म का पहला भाग बेहद पसंद आया था, हालांकि उन्होंने अभी तक इसका दूसरा भाग नहीं देखा है।

दिल्ली में फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनें विकी कौशल?

दिल्ली में आयोजित 2026 अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर जब विकी कौशल से फिल्म धुरंधरः द रिवेंज को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है। हालांकि, उन्होंने फिल्म के निर्देशक और कलाकारों के काम की खुलकर प्रशंसा की और उनके प्रयासों को सराहा।

विकी ने बताया कब देखेंगे Dhurandhar 2

विकी कौशल ने फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर अच्छा लग रहा है कि धुरंधर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने बताया कि उन्हें इसका पहला भाग काफी पसंद आया था, जबकि दूसरा भाग अभी देखना बाकी है। साथ ही, उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की सराहना करते हुए उन्हें बेहतरीन फिल्ममेकर बताया और कहा कि उन्होंने शानदार कलाकारों की टीम तैयार की है। विकी ने यह भी कहा कि फिल्म को मिल रहे जबरदस्त प्यार से वे बेहद खुश हैं और मुंबई लौटते ही सिनेमाघर में जाकर Dhurandhar 2 देखने का प्लान कर रहे हैं।

आदित्य धर संग काम कर चुके हैं विकी कौशल

विकी कौशल की बात करें तो वह निर्देशक आदित्य धर के साथ पहले भी काम कर चुके हैं। दोनों ने फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक में साथ काम किया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिली थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी बेहद सफल रही थी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, करीब 44 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में लगभग 285.43 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। साल 2019 में रिलीज हुई इस फिल्म में विकी कौशल के अलावा यामी गौतम, परेश रावल, कृति कुल्हारी, मोहित रैना और राकेश बेदी जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।

धुरंधर: द रिवेंज का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

धुरंधरः द रिवेंज की स्टार कास्ट की बात करें तो फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। वहीं, Dhurandhar 2 में यामी गौतम का एक खास कैमियो भी दर्शकों को देखने को मिलता है। फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर नजर डालें तो 26 मार्च को दोपहर तीन बजे तक यह फिल्म भारत में लगभग 641.57 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर चुकी है, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है।

Leave a Comment