टाटा ग्रुप की प्रमुख कंपनी Tata Steel के कारोबार से जुड़ा एक अहम अपडेट सामने आया है। कंपनी ने अपनी सहायक इकाई टी स्टील होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड में ₹1,680.27 करोड़ तक की अतिरिक्त इक्विटी हिस्सेदारी हासिल की है, जिससे इसकी हिस्सेदारी और मजबूत हुई है। इस सकारात्मक खबर का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला, जहां टाटा स्टील के शेयर में करीब 2% की बढ़त दर्ज की गई और यह 190 रुपये के स्तर के ऊपर बंद हुआ। दिन के अंत में शेयर 1.95% की तेजी के साथ 190.90 रुपये पर बंद हुआ। अगर पिछले एक साल के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो कंपनी के शेयर ने फरवरी 2026 में 216.50 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ था, जबकि इसका 52 हफ्तों का न्यूनतम स्तर 124.20 रुपये रहा है।
क्या है डील की डिटेल
Tata Steel ने स्टॉक एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में बताया कि कंपनी ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली विदेशी सहायक कंपनी T Steel Holdings Private Limited (TSHP) में अतिरिक्त निवेश किया है। इस निवेश के तहत कंपनी ने 0.1008 डॉलर अंकित मूल्य वाले कुल 1,78,57,14,286 इक्विटी शेयरों की सदस्यता ली, जिसकी कुल राशि लगभग 180 मिलियन डॉलर (करीब ₹1,680.27 करोड़) है। यह लेनदेन 24 मार्च 2026 को पूरा हुआ।
कंपनी के अनुसार, यह निवेश पहले से घोषित पूंजी निवेश योजना का ही हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सहायक कंपनी की वित्तीय स्थिति को मजबूत करना है। इस निवेश के बाद भी T Steel Holdings Private Limited, Tata Steel की पूर्ण स्वामित्व वाली विदेशी इकाई बनी रहेगी।
विलय को मंजूरी
हाल ही में कंपनी के निदेशक मंडल ने अपनी रणनीतिक विस्तार योजनाओं के तहत कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी है। इसके अंतर्गत नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (NINL) का कंपनी में विलय करने और पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक इकाई टी स्टील होल्डिंग्स पीटीई (TSHP) में लगभग 2 अरब डॉलर के निवेश को हरी झंडी दी गई है। यह इकाई वैश्विक स्तर पर कंपनी की अप्रत्यक्ष सहायक कंपनियों में इक्विटी निवेश के लिए एक प्रमुख माध्यम के रूप में कार्य करती है। वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी ने 58.31 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की, जबकि शुद्ध लाभ 21 लाख रुपये रहा। वहीं, इस अवधि में कंपनी की कुल नेटवर्थ 48,677 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा, निदेशक मंडल ने हेल्थकेयर क्षेत्र में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करने के उद्देश्य से एक और प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत सहायक कंपनी मेडिका टीएस हॉस्पिटल में पूर्ण स्वामित्व प्राप्त करने के लिए मणिपाल हॉस्पिटल्स ईस्टर्न इंडिया से 49 प्रतिशत इक्विटी शेयर और 0.01 प्रतिशत वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय वरीय शेयर खरीदने का निर्णय लिया गया है। इस सौदे के लिए लगभग 1.49 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। वर्तमान में इस अस्पताल में कंपनी की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि शेष 49 प्रतिशत हिस्सेदारी मणिपाल हॉस्पिटल्स ईस्टर्न इंडिया के पास है।
शेयर का टारगेट प्राइस
हाल ही में बिजनेस टुडे से बातचीत के दौरान आनंद राठी के जिगर पटेल ने बताया कि इस शेयर के लिए 189 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है, जबकि 197 रुपये के आसपास रेजिस्टेंस देखने को मिल सकता है। उनके अनुसार, यदि शेयर 197 रुपये के ऊपर मजबूती से टिकता है तो इसमें 200 रुपये तक की तेजी संभव है। शॉर्ट टर्म में यह शेयर 189 से 200 रुपये के दायरे में कारोबार कर सकता है।
वहीं, चॉइस ब्रोकिंग के तकनीकी रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर का मानना है कि शेयर का ओवरऑल ट्रेंड फिलहाल पॉजिटिव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि शॉर्ट टर्म निवेशकों को 200 रुपये के ऊपर ब्रेकआउट का इंतजार करना चाहिए, क्योंकि इस स्तर के पार जाने पर शेयर में 220 से 225 रुपये तक की आगे की तेजी देखने को मिल सकती है।