बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी आगामी फिल्म भारत भाग्य विधाता को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। यह फिल्म वास्तविक घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। 28 मई को मेकर्स ने फिल्म का पहला लुक जारी किया, जिसमें कंगना रनौत एक घायल लेकिन साहसी नर्स के किरदार में दिखाई दीं। उनका यह दमदार अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फर्स्ट लुक सामने आने के बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।
भारत भाग्य विधाता का पहला लुक
कंगना रनौत ने अपनी आगामी फिल्म का फर्स्ट लुक इंस्टाग्राम पर साझा किया है। इस मोशन पोस्टर में वह एक नर्स के किरदार में दिखाई दे रही हैं, जिनके चेहरे पर चोट के निशान नजर आते हैं। पोस्टर में उनके साथ एक युवती भी दिखाई देती है, जिसे वह सहारा देती हुई नजर आ रही हैं। इस फर्स्ट लुक के साथ कंगना ने एक भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने उन लोगों की बात की है जो समाज के लिए खास काम करते हैं, लेकिन अक्सर उनकी मेहनत और त्याग को वह पहचान नहीं मिल पाती जिसके वे हकदार होते हैं।
मोशन पोस्टर देख क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स?
‘भारत भाग्य विधाता’ के मोशन पोस्टर को सोशल मीडिया पर दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। कई यूजर्स ने कंगना रनौत की तारीफ करते हुए फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की। एक यूजर ने लिखा कि कंगना ऐसी कहानियां सामने लाती हैं, जो लोगों से गहराई से जुड़ती हैं। वहीं, दूसरे यूजर ने फिल्म को पहले से ही सुपरहिट बताया। कुछ लोगों ने कंगना के अभिनय और उनके व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि वह हमेशा मजबूती से अपनी बात रखती हैं। कई यूजर्स ने 12 जून का बेसब्री से इंतजार होने की बात कही। वहीं, कुछ लोगों ने ‘धुरंधर’ के बाद इस प्रोजेक्ट को भी काफी दिलचस्प बताया। सोशल मीडिया पर फैंस कंगना की एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
क्या है भारत भाग्य विधाता का प्लॉट?
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की कहानी साल 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह फिल्म सरकारी अस्पतालों में कार्यरत कर्मचारियों और मेडिकल स्टाफ के साहस, समर्पण और मानवता को सामने लाती है, जिन्होंने मुश्किल हालात में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। फिल्म के जरिए उन अनकही घटनाओं और भावनात्मक पहलुओं को दर्शाने की कोशिश की गई है, जिनसे आम लोग अब तक अनजान रहे हैं।
कंगना रनौत की फिल्म कब हो रही रिलीज?
कंगना रनौत की आगामी फिल्म का निर्देशन मनोज तापाडिया ने किया है। इस फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, सुयश कुकरेजा और स्मिता तांबे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण मणिकर्णिका फिल्म्स, पेन स्टूडियोज और परमहंस के बैनर तले किया गया है। यह फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।








