टेलीविजन इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने मनोरंजन जगत और प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। लोकप्रिय टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री संचिता उगले का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेत्री ने 30 वर्ष की आयु में आत्महत्या कर ली। इस अप्रत्याशित घटना ने उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। खास बात यह है कि निधन से कुछ घंटे पहले ही संचिता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था, जिसे अब उनके प्रशंसक भावुक होकर देख रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
खुद के कमरे में किया बंद कर किया सुसाइड
पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय अभिनेत्री संचिता उगले का शव नालासोपारा ईस्ट स्थित अचोले गांव की साई संतोषी बिल्डिंग में उनके आवास पर मिला। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 14 जून की शाम लगभग 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। अचोले पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर विनोद बाग ने बताया कि अभिनेत्री अपने कमरे में अकेली थीं। जब परिवार के सदस्यों को स्थिति की जानकारी मिली, तो उन्हें तुरंत वसई-विरार म्युनिसिपल हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले जांच-पड़ताल की
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, मृतक के पिता मच्छिंद्र उगले द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर आचोले पुलिस ने 15 जून को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मौत से पहले शेयर किया ये वीडियो
संचिता उगले सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं और अपने प्रशंसकों के साथ नियमित रूप से तस्वीरें तथा वीडियो साझा करती थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद फैंस उनके सोशल मीडिया पोस्ट्स को दोबारा देख रहे हैं। इसी बीच उनका एक वीडियो चर्चा में है, जिसे उन्होंने अपनी मृत्यु से कुछ घंटे पहले साझा किया था। वीडियो में संचिता लोकप्रिय गीत ‘डफली वाले डफली बजा…’ पर अभिनय करती नजर आ रही हैं। उनके सहज भाव और मुस्कुराता हुआ अंदाज दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। वीडियो में उन्होंने पीच रंग का सलवार-सूट पहना हुआ है, जिसके साथ पारंपरिक झुमके उनके लुक को और भी आकर्षक बना रहे हैं। इस वीडियो को देखकर कई प्रशंसक भावुक हो रहे हैं और अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कर रहे हैं।
वीडियो देख इमोशनल हुए फैंस
संचिता उगले का यह आखिरी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद उनके प्रशंसक भावुक नजर आ रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कर रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि किसी व्यक्ति की बाहरी मुस्कान हमेशा उसकी वास्तविक भावनाओं को नहीं दर्शाती। वहीं कुछ लोगों ने इस खबर पर हैरानी जताते हुए सवाल उठाए कि आखिर ऐसा क्या हुआ होगा। कई प्रशंसकों ने यह भी कहा कि हाल ही में साझा किए गए वीडियो में संचिता काफी खुश नजर आ रही थीं, इसलिए इस दुखद खबर पर यकीन करना उनके लिए मुश्किल है। इसके अलावा, अनेक यूजर्स ने दिवंगत अभिनेत्री को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।







