वेदांता लिमिटेड के डीमर्जर के बाद शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई चार नई कंपनियों में शामिल वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड के शेयर लगातार निवेशकों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों में लगातार नौ कारोबारी सत्रों से तेजी का रुख बना हुआ है। सोमवार को BSE पर इसका शेयर लगभग 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 32.45 रुपये पर बंद हुआ। 15 जून को शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद से अब तक इस स्टॉक ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है और महज दो सप्ताह के भीतर इसकी कीमत में 54 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
21 रुपये से बढ़कर 32 रुपये के पार पहुंच गए शेयर
वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (Vedanta Iron and Steel) के शेयरों ने लिस्टिंग के बाद निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। कंपनी के शेयर 15 जून को बीएसई पर 22.25 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुए थे, जबकि पहले कारोबारी सत्र का समापन 21.06 रुपये पर हुआ। इसके बाद शेयरों में लगातार खरीदारी देखने को मिली और 29 जून तक इनकी कीमत बढ़कर 32.45 रुपये पहुंच गई। इस तरह लिस्टिंग के बाद से शेयर में करीब 54% की तेजी दर्ज की गई है। वहीं, पिछले पांच कारोबारी सत्रों में भी स्टॉक ने 21% से अधिक की बढ़त हासिल की है। मौजूदा स्तर पर 32.45 रुपये इसका 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर है, जबकि 19.60 रुपये इसका 52-सप्ताह का न्यूनतम स्तर रहा है। सोमवार के कारोबार के दौरान कंपनी का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) बढ़कर 12,689 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया।
क्या है कंपनी का कारोबार
वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (Vedanta Iron and Steel) भारत और अफ्रीका में अपने व्यापक परिचालन के साथ लौह अयस्क (Iron Ore) के अन्वेषण, खनन और प्रसंस्करण के क्षेत्र में सक्रिय है। कंपनी उच्च गुणवत्ता वाले स्टील उत्पादों का निर्माण करती है, जिनमें वायर रॉड्स, टीएमटी बार, पिग आयरन, डक्टाइल आयरन पाइप्स, फेरो-सिलिकॉन, सीमेंट और मेटलर्जिकल कोक शामिल हैं। इस कंपनी का गठन सेसा आयरन ओर, ईएसएल स्टील लिमिटेड और वेस्टर्न क्लस्टर लिमिटेड के कारोबार के एकीकरण के बाद किया गया, जिससे इसके परिचालन और उत्पादन क्षमता को और मजबूती मिली।
वेदांता लिमिटेड का डीमर्जर
वेदांता लिमिटेड ने अप्रैल 2026 में अपने डीमर्जर प्लान के तहत घोषणा की थी कि पात्र शेयरधारकों को कंपनी के प्रत्येक 1 शेयर के बदले चार नई इकाइयों—वेदांता एल्युमीनियम, वेदांता पावर, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता आयरन एंड स्टील—का 1-1 शेयर आवंटित किया जाएगा। इसके लिए कंपनी ने 1 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट निर्धारित की थी। सोमवार के कारोबारी सत्र के अंत में वेदांता एल्युमीनियम के शेयर 452.20 रुपये पर बंद हुए, जबकि वेदांता पावर का शेयर 41.40 रुपये के स्तर पर रहा। वहीं, BSE पर वेदांता ऑयल एंड गैस के शेयर 33.25 रुपये के बंद भाव के साथ कारोबार समाप्त हुआ।











