वीवो ने अपने नए स्मार्टफोन Vivo Y500 को बिना किसी बड़े आधिकारिक आयोजन के वैश्विक बाजार में पेश कर दिया है। इससे पहले कंपनी चीन में Y500 सीरीज के तहत Y500, Y500i, Y500s और Y500 Pro जैसे मॉडल लॉन्च कर चुकी थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह इस सीरीज का पहला स्मार्टफोन है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 8,100mAh की विशाल बैटरी है, जिसे चीन के बाहर लॉन्च किए गए किसी भी वीवो स्मार्टफोन में अब तक की सबसे बड़ी बैटरी माना जा रहा है। इसके अलावा, डिवाइस में AMOLED डिस्प्ले, 50MP डुअल रियर कैमरा सिस्टम और OriginOS 6 जैसे आधुनिक फीचर्स भी दिए गए हैं। आइए जानते हैं Vivo Y500 के प्रमुख फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस के बारे में विस्तार से।
Vivo Y500 की खासियत
Vivo Y500 में 6.83-इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 2800×1260 पिक्सेल रिज़ॉल्यूशन और 449ppi पिक्सेल डेंसिटी के साथ 1.5K विजुअल क्वालिटी प्रदान करता है। बेहतर आउटडोर विजिबिलिटी के लिए इसकी लोकल पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक पहुंचती है, जबकि 94.47 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो यूज़र्स को अधिक इमर्सिव व्यूइंग अनुभव देता है। डिस्प्ले को SGS Low Blue Light और SGS Five-Star Sunlight Readable Display सर्टिफिकेशन भी प्राप्त है, जिससे आंखों पर कम दबाव पड़ता है और तेज धूप में भी कंटेंट आसानी से देखा जा सकता है। इसके अलावा, गेमिंग के दौरान आंखों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें Gaming Eye Protection फीचर भी शामिल किया गया है। परफॉर्मेंस के लिए स्मार्टफोन में यूनिसोक T7300 प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 8GB रैम के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज विकल्पों में पेश किया गया है। यह चिपसेट केवल 4G नेटवर्क को सपोर्ट करता है, इसलिए इस डिवाइस में 5G कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है।
फोन में पावरफुल कैमरा और बैटरी भी
फोटोग्राफी के लिए इस स्मार्टफोन में 50-मेगापिक्सेल का Sony IMX852 प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जिसके साथ 2-मेगापिक्सेल का सहायक सेंसर मौजूद है। वहीं, हाई-क्वालिटी सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट में 32-मेगापिक्सेल का कैमरा मिलता है। ऑडियो अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसमें डुअल स्टीरियो स्पीकर दिए गए हैं। कनेक्टिविटी के लिहाज से फोन Bluetooth 5.4, डुअल-बैंड Wi-Fi, GPS, USB 2.0 पोर्ट, 3.5mm हेडफोन जैक और डुअल नैनो सिम सपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस है। डिवाइस को IP68 और IP69 रेटिंग के साथ पेश किया गया है, जिससे यह पानी और धूल से बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही, MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड शॉक रेजिस्टेंस इसे अतिरिक्त मजबूती देता है। पावर के लिए फोन में 8,100mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 44W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल के दौरान तापमान को नियंत्रित रखने के लिए इसमें 3,000mm² वेपर चेंबर कूलिंग सिस्टम भी शामिल किया गया है। यह स्मार्टफोन Android 16 आधारित OriginOS 6 पर काम करता है और सुरक्षा के लिए इन-डिस्प्ले ऑप्टिकल फिंगरप्रिंट सेंसर भी उपलब्ध है।
इतनी है Vivo Y500 की कीमत
Vivo Y500 को फिलहाल पाकिस्तान के बाजार में पेश किया गया है। यह स्मार्टफोन पर्ल व्हाइट और मिडनाइट ब्लू जैसे दो आकर्षक रंग विकल्पों में उपलब्ध है। वहां इसके 8GB रैम + 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत PKR 99,999 (करीब 34,000 रुपये) रखी गई है, जबकि 8GB रैम + 256GB स्टोरेज मॉडल PKR 109,999 (लगभग 38,000 रुपये) में उपलब्ध होगा। कंपनी से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में यह डिवाइस सऊदी अरब, कजाकिस्तान और अन्य चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, भारतीय बाजार में इसकी एंट्री को लेकर कंपनी ने अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।











