आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने एक नई डॉक्यूमेंट्री परियोजना की घोषणा की है, जो भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन और उनके प्रेरणादायक सफर पर आधारित होगी। इस डॉक्यूमेंट्री का उद्देश्य उनके व्यक्तिगत संघर्षों, उपलब्धियों और देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की यात्रा को दर्शाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्देशन प्रसिद्ध फिल्ममेकर और लेखिका स्वाति चक्रवर्ती करेंगी।
क्या होगा डॉक्यूमेंट्री में खास
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस डॉक्यूमेंट्री में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रेरणादायक यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें दिखाया जाएगा कि किस तरह ओडिशा के एक साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक का सफर तय किया और भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनीं।
डॉक्यूमेंट्री में उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभवों, व्यक्तिगत संघर्षों और उन चुनौतियों को भी शामिल किया जाएगा, जिनका सामना करते हुए उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। साथ ही, सार्वजनिक जीवन और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को भी प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।
गौरतलब है कि आमिर खान प्रोडक्शंस सामाजिक सरोकारों और वास्तविक घटनाओं पर आधारित कहानियों को पर्दे पर लाने के लिए जाना जाता है। प्रोडक्शन हाउस ने समय-समय पर ऐसे कई प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए हैं, जिन्होंने दर्शकों के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने के साथ-साथ समाज पर भी प्रभाव छोड़ा है।
शूटिंग हो गई है शुरू
डॉक्यूमेंट्री के निर्माण के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में भी शूटिंग पूरी की जा चुकी है। परियोजना को अधिक वास्तविक और प्रामाणिक बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों को इसमें शामिल किया गया है। उनकी व्यक्तिगत जीवन यात्रा और संघर्षों को प्रस्तुत करने के साथ-साथ फिल्म में उस ऐतिहासिक क्षण को भी दर्शाया जाएगा, जब उन्हें देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुना गया था।
डायरेक्टर स्वाति ने पहले भी किया आमिर संग काम
गौरतलब है कि स्वाति इससे पहले वर्ष 2019 में रिलीज हुई डॉक्यूमेंट्री ‘रूबरू रोशनी’ का निर्देशन कर चुकी हैं। इस परियोजना को आमिर खान और किरण राव ने प्रोड्यूस किया था। अपनी संवेदनशील कहानी और सामाजिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए इस डॉक्यूमेंट्री को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी।
सितारे जमीन पर
आमिर खान प्रोडक्शंस की पिछली रिलीज़ फिल्म सितारे ज़मीन पर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग राष्ट्रपति भवन में भी आयोजित की गई थी। इससे पहले, वर्ष 2007 में रिलीज़ हुई तारे ज़मीन पर ने भी बॉक्स ऑफिस पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी और आज भी इसे हिंदी सिनेमा की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।
आमिर की बतौर प्रोड्यूसर अपकमिंग फिल्म
डॉक्यूमेंट्री के अलावा, आमिर खान प्रोडक्शंस एक पीरियड ड्रामा फिल्म ‘बटवारा 1947’ पर भी काम कर रहा है, जिसे पहले ‘लाहौर 1947’ के नाम से जाना जाता था। इस फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और करण देओल जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और इसकी रिलीज 14 अगस्त को निर्धारित की गई है। भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म दर्शकों के लिए एक भावनात्मक और ऐतिहासिक कहानी लेकर आने वाली है।









