अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस मल्टी-स्टारर फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कई अन्य लोकप्रिय कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्साह बना हुआ है और इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इसी बीच, फिल्म की रिलीज से पहले अक्षय कुमार ने फिल्म समीक्षकों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से एक विशेष अपील की है, जिसकी चर्चा तेजी से हो रही है।
क्या है अक्षय की रिक्वेस्ट
अक्षय कुमार ने हाल ही में फिल्म वेलकम टू द जंगल का एक नया पोस्टर साझा किया, जिसमें वह हाथ जोड़कर नजर आ रहे हैं, जबकि फिल्म की पूरी स्टारकास्ट उनके पीछे खड़ी दिखाई दे रही है। पोस्टर के साथ अभिनेता ने फिल्म समीक्षकों और डिजिटल क्रिएटर्स से एक दिलचस्प अपील भी की। उन्होंने अनुरोध किया कि फिल्म की समीक्षा करते समय पारंपरिक स्टार रेटिंग देने के बजाय दर्शकों के मनोरंजन को दर्शाने वाले लाफ्टर इमोजी का इस्तेमाल करें।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने फिल्मों और सितारों को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली नकारात्मक प्रतिक्रियाओं और प्रचार को लेकर चिंता व्यक्त की है। ऐसे में अक्षय कुमार की यह अपील भी चर्चा का विषय बन गई है। अब सभी की नजरें वेलकम टू द जंगल की रिलीज और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई हैं।
अक्षय की लास्ट कॉमेडी मूवीज
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में अक्षय कुमार ने कॉमेडी और एंटरटेनमेंट आधारित फिल्मों पर विशेष ध्यान दिया है। उनकी पिछली रिलीज ‘भूत बंगला’ एक कॉमेडी-हॉरर फिल्म थी, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इसके अलावा अभिनेता ‘हाउसफुल 5’ और ‘जॉली एलएलबी 3’ जैसी फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं।
वहीं, ‘वेलकम टू द जंगल’ का निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं। यह फिल्म अपनी बड़ी स्टारकास्ट को लेकर भी चर्चा में है, जिसमें कुल 34 कलाकार शामिल हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, आफताब शिवदासानी, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान, दिवंगत पंकज धीर, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोदवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं। अपनी विशाल स्टारकास्ट और कॉमेडी एंटरटेनमेंट के मिश्रण के कारण यह फिल्म दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता पैदा कर रही है।
इतनी बड़ी कास्ट को डायरेक्ट करने पर क्या बोले थे अहमद खान
फिल्म के विशाल पैमाने पर काम करने के अनुभव को साझा करते हुए अहमद खान ने एक इंटरव्यू में बताया कि इतनी बड़ी स्टार कास्ट और क्रू के साथ शूटिंग का प्रबंधन किसी बड़े आयोजन से कम नहीं था। उनके अनुसार, शूटिंग के लिए एक नहीं बल्कि दो बड़े ग्राउंड की आवश्यकता पड़ी, ताकि दर्जनों वैनिटी वैन, बैकग्राउंड कलाकारों के लिए अलग होल्डिंग एरिया और मुख्य यूनिट के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि कलाकारों, तकनीशियनों, मेकअप आर्टिस्ट्स, हेयर स्टाइलिस्ट्स और अन्य स्टाफ की आवाजाही के कारण प्रतिदिन लगभग 200 से 250 वाहनों का संचालन संभालना पड़ता था। अहमद के मुताबिक, पूरे सेट का प्रबंधन किसी पारंपरिक फिल्म शूट से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण था और यह हर दिन एक बड़े म्यूजिक कॉन्सर्ट के आयोजन जैसा महसूस होता था।
वेलकम का तीसरा पार्ट
‘वेलकम टू द जंगल’ लोकप्रिय ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इस कॉमेडी सीरीज की शुरुआत साल 2007 में रिलीज हुई ‘वेलकम’ से हुई थी, जिसमें अक्षय कुमार, कटरीना कैफ, नाना पाटेकर, अनिल कपूर और परेश रावल जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। इसके बाद साल 2015 में फ्रेंचाइजी की दूसरी फिल्म ‘वेलकम बैक’ रिलीज हुई, जिसमें जॉन अब्राहम, श्रुति हासन, अनिल कपूर, नाना पाटेकर, नसीरुद्दीन शाह और परेश रावल ने अहम किरदार निभाए थे। अब तीसरी किस्त ‘वेलकम टू द जंगल’ के साथ यह फ्रेंचाइजी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।










