जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जा रहा शो ‘भोजपुरी बवाल’ दर्शकों के बीच लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इस शो में भोजपुरी सिनेमा के कई लोकप्रिय सितारे, जिनमें पवन सिंह, दिनेश लाल यादव निरहुआ, काजल राघवानी, आम्रपाली दुबे और रानी चटर्जी शामिल हैं, नजर आ रहे हैं। शो की खास बात यह है कि इसमें कलाकारों से जुड़े कई दिलचस्प किस्से और अनसुने राज सामने आ रहे हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता लगातार बनी हुई है। इसी बीच शो का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। प्रोमो में सामने आए खुलासे ने शो को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।
शो पर पहुंची पाखी हेगड़े
भोजपुरी बवाल के लेटेस्ट एपिसोड में पत्रकार और होस्ट शुभांकर मिश्रा शो का हिस्सा बने हैं। इस दौरान वह शो में मौजूद भोजपुरी सितारों से उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प सवाल करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच शो का नया प्रोमो जारी किया गया है, जिसमें शुभांकर मिश्रा के साथ आम्रपाली दुबे, पाखी हेगड़े और कई अन्य अभिनेत्रियां दिखाई दे रही हैं। प्रोमो में पाखी हेगड़े को सामने देखते ही आम्रपाली दुबे के रिएक्शन ने खास तौर पर दर्शकों का ध्यान खींचा। दोनों अभिनेत्रियों की मौजूदगी ने इस प्रोमो को और भी चर्चा में ला दिया है।
पाखी और दिनेश के बीच था खास रिश्ता
शो के दौरान शुभंकर ने पाखी हेगड़े से दिनेश लाल यादव के साथ उनकी पुरानी बॉन्डिंग को लेकर सवाल किया। उनसे पूछा गया कि क्या दोनों की जोड़ी सिर्फ काम तक ही सीमित थी। इस पर पाखी ने स्पष्ट किया कि उनके बीच व्यक्तिगत स्तर पर भी अच्छी दोस्ती थी। उन्होंने अपने रिश्ते को एक तरह की ‘मॉडर्न फ्रेंडशिप’ बताते हुए कहा कि उनकी बॉन्डिंग सिर्फ प्रोफेशनल नहीं थी।
दिनेश ने किया था पाखी को शादी के लिए प्रपोज?
इसके बाद शुभंकर ने पाखी से पूछा कि क्या दिनेश लाल यादव ने कभी उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। पाखी ने शुरुआत में इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन उनके हाव-भाव से काफी कुछ समझ आ रहा था। शुभंकर ने भी उनकी प्रतिक्रिया को देखते हुए कहा कि उनकी आंखें बिना कुछ कहे ही बहुत कुछ बयां कर रही हैं। आखिरकार, पाखी ने इस सवाल का जवाब ‘हां’ में दिया। यह सुनकर आम्रपाली दुबे भी हैरान रह गईं और उन्होंने तुरंत कहा, ‘सीरियसली?’
दिनेश को देख इमोशनल हुईं पाखी
इसके बाद शो में भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव की एंट्री होती है, जिन्हें देखकर वहां मौजूद सभी लोग काफी उत्साहित नजर आते हैं। वहीं, दिनेश को देखते ही पाखी भावुक हो जाती हैं। दिनेश भी पाखी से मिलते ही उन्हें गले लगा लेते हैं। इसी दौरान शुभंकर, दिनेश से पाखी के उस दावे को लेकर सवाल करते हैं, जिसमें उन्होंने बताया था कि दिनेश ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। सवाल सुनकर दिनेश बिना कोई जवाब दिए पानी का गिलास उठाकर पीने लगते हैं। शो का यह प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है और दर्शक इस पूरे मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।








