Jumanji: Open World: बचपन की सबसे लोकप्रिय एडवेंचर फ्रेंचाइजी में से एक ‘जुमान्जी’ अब एक नए अध्याय के साथ वापसी करने जा रही है। मेकर्स ने ‘Jumanji: Open World’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है। हालांकि फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए अभी कुछ समय इंतजार करना होगा, क्योंकि इसकी रिलीज 25 दिसंबर को तय की गई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस बार की कहानी और रोमांच पिछली जुमान्जी फिल्मों से किस तरह अलग होंगे। आइए जानते हैं ट्रेलर में मिले उन प्रमुख संकेतों के बारे में, जो फिल्म की नई दिशा की ओर इशारा करते हैं।
कितनी रही पिछले पार्ट्स की कमाई?
निर्देशक जैक कैस्डन की आगामी फिल्म ‘जुमान्जी: ओपन न्यू वर्ल्ड’ को इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की अंतिम किस्त माना जा रहा है। करीब तीन मिनट लंबे ट्रेलर से संकेत मिलता है कि फिल्म में रोमांच, दमदार एक्शन, हल्का-फुल्का हास्य और रहस्यमयी घटनाओं का संतुलित मिश्रण देखने को मिलेगा। इससे पहले रिलीज हुई ‘जुमान्जी: वेलकम टू द जंगल’ (2017) और ‘जुमान्जी: द नेक्स्ट लेवल’ (2019) ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से लगभग 16,218 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। शुरुआती प्रतिक्रिया और ट्रेलर को लेकर दर्शकों के उत्साह को देखते हुए ऐसी चर्चाएं हैं कि नई फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर उल्लेखनीय प्रदर्शन कर सकती है। हालांकि, इसकी वास्तविक सफलता का आकलन रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया और कमाई के आंकड़ों के आधार पर ही किया जा सकेगा।

पिछले सभी पार्ट से क्या अलग होगा?
इस बार ‘जुमान्जी: ओपन वर्ल्ड’ की कहानी सिर्फ गेम कंसोल के भीतर होने वाले रोमांच तक सीमित नहीं रहती। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि फ्रेंचाइज़ी ने अपने पुराने फॉर्मूले में बड़ा बदलाव किया है। इस बार वीडियो गेम की दुनिया के किरदार वास्तविक दुनिया में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे कई अप्रत्याशित और रोमांचक घटनाएं देखने को मिलती हैं। ड्वेन जॉनसन, जैक ब्लैक, केविन हार्ट और करेन गिलन अपने लोकप्रिय वीडियो गेम अवतारों के साथ पहली बार असली दुनिया में नजर आते हैं। वहीं, एलेक्स वोल्फ का किरदार इस पूरी स्थिति की पृष्ठभूमि और चुनौती को समझाते हुए दिखाई देता है। ट्रेलर के अनुसार, ये सभी पात्र गेम के एक डेमो संस्करण में फंसे हुए हैं और उसी से बाहर निकलने की कोशिश करते हैं।
पहले से कहीं ज्यादा प्रॉमिसिंग है ट्रेलर
ट्रेलर में दिखाया गया है कि डेमो मोड में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण टीम को कई अप्रत्याशित और हास्यपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं में से एक दिलचस्प पल वह है, जब ड्वेन जॉनसन का किरदार अचानक स्पेनिश भाषा में बात करने लगता है, जबकि दूसरी ओर कई असामान्य घटनाएं मिशन को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना देती हैं। जैसे-जैसे ट्रेलर आगे बढ़ता है, फिल्म के भव्य एक्शन सीक्वेंस इसकी सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आते हैं। वास्तविक दुनिया में दौड़ते हुए शुतुरमुर्ग, गैंडे और विशालकाय छिपकलियों जैसे जीव कहानी के रोमांच को कई गुना बढ़ा देते हैं। अंत में वोल्फ टीम को समझाता है कि इस संकट को रोकने का केवल एक ही तरीका है—उन्हें दोबारा उसी गेम की दुनिया में लौटना होगा।







