अभिनेत्री करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण ने अपने परिवार में नए सदस्य के आगमन की खुशखबरी साझा की है। करिश्मा ने बेटे को जन्म दिया है। इस खास मौके की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों के साथ साझा की।
पोस्ट में करिश्मा ने नवजात शिशु के नन्हे पैरों की एक तस्वीर साझा की, जिसमें अस्पताल का पहचान टैग भी दिखाई दे रहा है। इसके साथ उन्होंने लिखा कि गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर उन्हें जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद मिला है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे का जन्म 29 जुलाई 2026 को हुआ और इस अवसर पर उन्होंने अपने बेटे का दुनिया में स्वागत करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। पोस्ट के अंत में करिश्मा और वरुण ने संयुक्त रूप से अपने नाम भी लिखे।
स्मृति ईरानी से खुशी कपूर तक, सेलेब्स ने दी बधाई
करिश्मा की इस खुशखबरी पर सोशल मीडिया पर फैंस के साथ-साथ कई चर्चित हस्तियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। स्मृति ईरानी, खुशी कपूर, नेहा धूपिया और अनुष्का रंजन सहित कई सेलिब्रिटीज़ ने कमेंट के जरिए नई शुरुआत के लिए बधाई दी और नवजात का स्वागत किया।
गौरतलब है कि करिश्मा इस खास पल का लंबे समय से इंतजार कर रही थीं। गर्भावस्था के दौरान वह समय-समय पर अपने बेबी बंप की तस्वीरें और यादगार पल प्रशंसकों के साथ साझा करती रही थीं, जिन्हें उनके फैंस ने भी काफी पसंद किया।
प्रेग्नेंसी में भी करिश्मा ने रखा फिटनेस का ध्यान
डिलीवरी से ठीक पहले तक भी करिश्मा अपनी फिटनेस को लेकर पूरी तरह सजग रहीं। वह नियमित रूप से जिम जाती थीं और सक्रिय जीवनशैली बनाए रखती थीं। इस दौरान उन्हें कई बार पैपराजी ने भी कैमरे में कैद किया, जिससे उनकी फिटनेस और एक्टिव रूटीन की झलक देखने को मिली।
करिश्मा और वरुण
करिश्मा तन्ना और उनके पति वरुण बंगेरा ने करीब एक वर्ष तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद अपने रिश्ते को नया नाम दिया। दोनों ने 5 फरवरी 2022 को परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह में शादी की थी।
मातृत्व को लेकर करिश्मा ने पहले एक इंटरव्यू में खुलकर अपनी सोच साझा की थी। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में वह मां बनने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थीं। उस समय उनका पूरा ध्यान अपने करियर पर था और वह किसी अतिरिक्त जिम्मेदारी के लिए तैयार महसूस नहीं करती थीं। उन्होंने कहा था कि उनके लिए उस दौर में उनके पति, उनका पालतू डॉग, उनकी मां और उनका काम ही सबसे अधिक मायने रखता था।
हालांकि, समय के साथ उनकी सोच में बदलाव आया। करिश्मा ने बताया कि अब वह जीवन के इस नए अध्याय को लेकर बेहद उत्साहित हैं और मातृत्व की इस खूबसूरत यात्रा का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
करिश्मा की प्रोफेशनल लाइफ
करिश्मा तन्ना के करियर की बात करें तो उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी अपनी दमदार पहचान बनाई है। साल 2023 में रिलीज़ हुई नेटफ्लिक्स सीरीज़ स्कूप में उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा। इस वेब सीरीज़ का निर्देशन हंसल मेहता ने किया था और इसे एशिया कंटेंट अवॉर्ड्स एंड ग्लोबल ओटीटी अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट एशियन टीवी सीरीज़’ का सम्मान भी मिला। स्कूप के बाद करिश्मा ने अनन्या पांडे स्टारर वेब सीरीज़ कॉल मी बे में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जहां उनके प्रदर्शन को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला।






