Moto G77 Power Launched in India: मोटोरोला ने भारतीय बाजार में अपना नया बजट स्मार्टफोन Moto G77 Power लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी की लोकप्रिय G-सीरीज का नया मॉडल है, जिसे आकर्षक फीचर्स और बड़ी बैटरी के साथ पेश किया गया है। यह स्मार्टफोन अगले सप्ताह से देशभर में चार Pantone-प्रमाणित कलर ऑप्शन्स और दो रैम-स्टोरेज वेरिएंट्स में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7000mAh की बैटरी है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर 59 घंटे तक का बैकअप देने में सक्षम है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 6000 सीरीज प्रोसेसर दिया गया है, जबकि रैम बूस्ट फीचर की मदद से कुल 24GB तक रैम का अनुभव मिलता है। फोटोग्राफी के लिए फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप मौजूद है, जिसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर शामिल है। आइए जानते हैं Moto G77 Power की कीमत, उपलब्ध वेरिएंट्स और इसके सभी प्रमुख फीचर्स के बारे में विस्तार से।
इतनी है Moto G77 Power की कीमत
भारत में Moto G77 Power की शुरुआती कीमत 25,999 रुपये तय की गई है, जिसमें 8GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला बेस वेरिएंट शामिल है। लॉन्च ऑफर के तहत कंपनी चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर 2,000 रुपये तक की तत्काल छूट दे रही है, जिसके बाद इसकी प्रभावी कीमत 23,999 रुपये रह जाती है। यह स्मार्टफोन 13 जुलाई से Flipkart और Motorola India के आधिकारिक ऑनलाइन स्टोर के माध्यम से खरीदने के लिए उपलब्ध होगा। रंग विकल्पों की बात करें तो इसे Pantone Fuchsia Red, Pantone Impenetrable, Pantone Laurel Green और Pantone Nautical Blue जैसे आकर्षक कलर ऑप्शन्स में पेश किया गया है।
चलिए एक नजर डालते हैं Moto G77 Power की खासियत पर:

तीन साल तक मिलेंगे अपडेट, डिस्प्ले भी बड़ा
मोटोरोला का यह नया स्मार्टफोन डुअल सिम सपोर्ट के साथ आता है और एंड्रॉयड 16 आधारित Hello UI पर काम करता है। कंपनी के अनुसार, डिवाइस को एक प्रमुख एंड्रॉयड OS अपग्रेड और तीन वर्षों तक नियमित सिक्योरिटी अपडेट मिलेंगे। इसमें 6.72 इंच का फुल-HD+ (1080×2400 पिक्सेल) LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 120Hz टच सैंपलिंग रेट को सपोर्ट करता है। स्क्रीन 391 PPI पिक्सेल डेंसिटी, 20:9 आस्पेक्ट रेशियो, लगभग 90.97% स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो और 1050 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस प्रदान करती है, जिससे अलग-अलग लाइटिंग कंडीशन में भी बेहतर विजुअल एक्सपीरियंस मिलता है। इसके अलावा, फोन को धूल और पानी के हल्के छींटों से सुरक्षा के लिए IP64 रेटिंग मिली है। इसमें स्मार्ट वॉटर टच फीचर भी शामिल है, जिसकी मदद से गीले हाथ होने पर भी स्क्रीन का उपयोग अपेक्षाकृत आसान रहता है।
हैवी रैम और तेजतर्रार प्रोसेसर
Moto G77 Power में 6nm प्रोसेस पर आधारित ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 6400 प्रोसेसर दिया गया है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.5GHz तक जाती है। ग्राफिक्स प्रोसेसिंग के लिए इसमें Arm Mali-G57 MP2 GPU का इस्तेमाल किया गया है। फोन में 8GB तक LPDDR4x रैम और 128GB UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है, जो रोजमर्रा के इस्तेमाल के साथ-साथ बेहतर परफॉर्मेंस देने में मदद करती है।
यह स्मार्टफोन AI आधारित RAM Boost तकनीक के साथ आता है, जो उपलब्ध स्टोरेज का उपयोग करके कुल मेमोरी को 24GB तक विस्तारित करने में सक्षम है। इससे एक साथ कई ऐप्स चलाने और उनके बीच तेजी से स्विच करने का अनुभव बेहतर हो सकता है। वहीं, 128GB की इंटरनल स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 1TB तक बढ़ाया जा सकता है, जिससे फोटो, वीडियो, ऐप्स, गेम्स और अन्य फाइलों के लिए पर्याप्त स्टोरेज स्पेस उपलब्ध रहता है।

फोन में कैमरा और बैटरी भी दमदार
फोटोग्राफी के लिए Moto G77 Power में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50 मेगापिक्सेल का प्राइमरी कैमरा (f/1.8 अपर्चर) शामिल है, जो Sony LYT-600 सेंसर के साथ आता है। इसके साथ 120 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 8 मेगापिक्सेल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा (f/2.2 अपर्चर) मिलता है, जिससे अधिक विस्तृत फ्रेम कैप्चर किए जा सकते हैं। इसके अलावा, फोन के पीछे 2-इन-1 लाइट सेंसर भी मौजूद है, जो विभिन्न प्रकाश परिस्थितियों में बेहतर इमेज प्रोसेसिंग में मदद करता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सेल का फ्रंट कैमरा (f/2.2 अपर्चर) दिया गया है। यह स्मार्टफोन अधिकतम 2K रेजोल्यूशन पर 30fps तक वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है।
कैमरा हार्डवेयर के साथ कंपनी ने कई AI आधारित एडिटिंग फीचर्स भी शामिल किए हैं, जिनकी मदद से उपयोगकर्ता तस्वीरों को आसानी से बेहतर बना सकते हैं। इनमें AI Photo Edit, Magic Eraser, Photo Unblur, Reimagine और Auto Frame जैसे टूल्स शामिल हैं। पावर बैकअप के लिए Moto G77 Power में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि सामान्य उपयोग में यह एक बार चार्ज करने पर लगभग तीन दिनों तक साथ दे सकती है। इसके अलावा, स्मार्टफोन 30W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 6W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग का भी समर्थन करता है।

मजूबत बॉडी, लाइटवेट और साउंड भी दमदार
फोन को मजबूत और टिकाऊ निर्माण के साथ तैयार किया गया है, जिससे यह रोजमर्रा के उपयोग के अलावा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर सके। डिस्प्ले की सुरक्षा के लिए इसमें Corning Gorilla Glass 7i का प्रोटेक्शन दिया गया है, जिसे SGS द्वारा टेस्ट किया गया है। कंपनी के अनुसार, यह ग्लास सामान्य गिरने और खरोंच से बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है। इसके अलावा, डिवाइस को MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन भी मिला है, जो इसे अत्यधिक तापमान, नमी और कठिन वातावरण जैसी परिस्थितियों में अधिक भरोसेमंद बनाता है।
कनेक्टिविटी के लिहाज से स्मार्टफोन में 5G, 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi, Bluetooth 5.4, USB Type-C पोर्ट और GPS, GLONASS, Galileo, QZSS तथा BeiDou जैसे कई नेविगेशन सिस्टम का सपोर्ट मिलता है। फोन में एक्सेलेरोमीटर, जायरोस्कोप, प्रॉक्सिमिटी सेंसर, एम्बिएंट लाइट सेंसर और ई-कंपास सहित कई जरूरी सेंसर भी मौजूद हैं। इसका वजन लगभग 215 ग्राम है, जबकि इसका आकार 166.23 × 76.50 × 8.89 मिमी है। सुरक्षा के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ फेस अनलॉक फीचर भी दिया गया है।
ऑडियो एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए डिवाइस में Dolby Atmos सपोर्ट वाले डुअल स्टीरियो स्पीकर्स दिए गए हैं, जिनमें वॉल्यूम बूस्ट फीचर भी मौजूद है। इसके साथ ही यह Hi-Res Audio को सपोर्ट करता है, जिससे यूजर्स को अधिक स्पष्ट, संतुलित और विस्तृत साउंड क्वालिटी का अनुभव मिलता है।










