टाटा मोटर्स की आगामी सिएरा एसयूवी को ग्राहकों के बीच अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कंपनी जल्द ही Sierra EV को भारतीय बाजार में पेश करने वाली है, जिसकी लॉन्चिंग 30 जून को होने की उम्मीद है। इसी दौरान सिएरा के CNG वर्जन से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। हाल ही में इस मॉडल को टेस्टिंग के दौरान देखा गया, जिससे संकेत मिलते हैं कि कंपनी इसके CNG विकल्प पर भी काम कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल वाहन के उत्सर्जन (Emission) परीक्षण किए जा रहे हैं। टेस्टिंग के दौरान ली गई स्पाई तस्वीरें भी ऑनलाइन सामने आई हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि नई Tata Sierra CNG में ग्राहकों को कौन-कौन से फीचर्स और संभावित बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
टेस्टिंग के दौरान दिखी नई कलर स्कीम
हाल ही में सामने आई तस्वीरों में टाटा सिएरा का टेस्ट मॉडल बिना किसी कैमोफ्लाज के देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन से जुड़ी कई नई जानकारियां सामने आई हैं। टेस्टिंग के दौरान एसयूवी नए ड्यूल-टोन ब्लू और सिल्वर एक्सटीरियर शेड में नजर आई, जो इसे आकर्षक और प्रीमियम अपील प्रदान करता है। इसके साथ ही वाहन में नए ब्लैक-फिनिश अलॉय व्हील्स भी दिखाई दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मॉडल की टेस्टिंग पुणे स्थित टाटा मोटर्स के प्लांट के आसपास की जा रही थी। टेस्ट वाहन पर लगाए गए एमिशन मॉनिटरिंग उपकरण इस ओर संकेत करते हैं कि कंपनी किसी नए पावरट्रेन विकल्प का परीक्षण कर रही है। ऑटो सेक्टर से जुड़ी चर्चाओं के मुताबिक, यह नया विकल्प सीएनजी तकनीक से लैस हो सकता है, हालांकि कंपनी की ओर से फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ARGOS प्लेटफॉर्म पहले से है CNG-रेडी
टाटा सिएरा को जिस आधुनिक ARGOS प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है, वह वैकल्पिक फ्यूल टेक्नोलॉजी, खासकर CNG पावरट्रेन, के लिए उपयुक्त माना जाता है। ऐसे में कंपनी के लिए सिएरा का CNG वेरिएंट पेश करना एक व्यवहारिक विकल्प हो सकता है। यदि आने वाले समय में सिएरा CNG भारतीय बाजार में लॉन्च होती है, तो यह अपने सेगमेंट में सीमित संख्या में उपलब्ध CNG एसयूवी मॉडल्स की सूची में शामिल हो जाएगी। वर्तमान में इस श्रेणी में मुख्य रूप से मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर जैसी एसयूवी ही फैक्ट्री-फिटेड CNG विकल्प के साथ ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं।
किस इंजन के साथ मिल सकता है CNG विकल्प?
टाटा मोटर्स पहले ही संकेत दे चुकी है कि कंपनी सिएरा के लिए सीएनजी पावरट्रेन विकल्प पर काम कर रही है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आगामी मॉडल में कंपनी की i-CNG तकनीक को 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जा सकता है। वहीं, सिएरा के लिए 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प भी उपलब्ध रहने की संभावना है, लेकिन फिलहाल टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ सीएनजी वेरिएंट लॉन्च किए जाने की संभावना अपेक्षाकृत कम बताई जा रही है।
ट्विन-सिलेंडर तकनीक से मिलेगी बेहतर प्रैक्टिकैलिटी
टाटा मोटर्स की i-CNG तकनीक की प्रमुख विशेषता इसका डुअल-सिलेंडर लेआउट है। इस सिस्टम में दो कॉम्पैक्ट सीएनजी सिलेंडर का उपयोग किया जाता है, जिन्हें बूट फ्लोर के नीचे स्मार्ट तरीके से फिट किया जाता है। इस डिजाइन के कारण लगेज स्पेस पर न्यूनतम प्रभाव पड़ता है, जिससे एसयूवी की प्रैक्टिकैलिटी बनी रहती है। यही वजह है कि आगामी सिएरा CNG अपने सेगमेंट के अन्य मॉडलों की तुलना में अधिक उपयोगी और सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मॉडल का संभावित माइलेज लगभग 20 से 22 किमी/किलोग्राम तक हो सकता है। इसके अलावा, ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कंपनी सीएनजी वेरिएंट में AMT गियरबॉक्स का विकल्प भी पेश कर सकती है।
कीमत और लॉन्च टाइमलाइन
टाटा सिएरा सीएनजी की संभावित कीमत मौजूदा मॉडल के करीब रखी जा सकती है, जिससे यह ग्राहकों के लिए एक आकर्षक विकल्प बन सकती है। अनुमान है कि इसके टॉप वेरिएंट की ऑन-रोड कीमत मुंबई जैसे प्रमुख शहरों में लगभग 26.50 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। लॉन्च को लेकर फिलहाल कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार टाटा सिएरा सीएनजी को 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है।










