बड़े परिवारों के बीच 7-सीटर कारों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते इस सेगमेंट की मांग में भी तेज़ी देखने को मिल रही है। ग्राहकों की इसी बढ़ती रुचि को ध्यान में रखते हुए वाहन निर्माता कंपनियां नए मॉडल पेश करने पर फोकस कर रही हैं। साल 2026 की पहली छमाही में Mahindra XUV 7XO, VinFast VF MPV 7, Nissan Gravite और नई Mercedes V-Class जैसी कई नई 7-सीटर गाड़ियों ने भारतीय बाजार में दस्तक दी। अब वर्ष की दूसरी छमाही में भी कई प्रमुख ऑटो कंपनियां अपने नए 7-सीटर मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। आइए जानते हैं कि आने वाले महीनों में कौन-कौन सी नई 7-सीटर गाड़ियां बाजार में प्रवेश कर सकती हैं।
MG 520
एमजी मोटर भारतीय बाजार में अपनी नई 7-सीटर एसयूवी MG 520 को 16 जुलाई को पेश करने की तैयारी में है। यह मॉडल मुख्य रूप से Mahindra XUV 7XO को टक्कर देने के लिए लाया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, MG 520 का प्लेटफॉर्म ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध Wuling Starlight 560 पर आधारित होगा, जिसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 5-सीटर और 7-सीटर दोनों कॉन्फिगरेशन में बेचा जाता है। हालांकि, भारत में इसके केवल 7-सीटर वेरिएंट के लॉन्च होने की उम्मीद है। कंपनी इस एसयूवी को प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) और पूरी तरह इलेक्ट्रिक (EV) पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश कर सकती है। शुरुआती चरण में PHEV मॉडल लॉन्च किए जाने की संभावना है, जबकि कुछ समय बाद इसका इलेक्ट्रिक वर्जन भी बाजार में उतारा जा सकता है। अनुमान है कि EV मॉडल लॉन्च होने के बाद यह Mahindra XEV 9S जैसे इलेक्ट्रिक एसयूवी से मुकाबला करेगा।
Mahindra Scorpio N Facelift
महिंद्रा अपनी लोकप्रिय एसयूवी Scorpio-N का अपडेटेड फेसलिफ्ट वर्जन भारतीय बाजार में पेश करने की तैयारी कर रही है। नई Scorpio-N को पहले की तरह 6-सीटर और 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध कराया जा सकता है। एक्सटीरियर में नए डिजाइन वाले फ्रंट और रियर बंपर, रिफ्रेश्ड हेडलैंप, अपडेटेड टेललैंप, नई रेडिएटर ग्रिल और आकर्षक अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं। वहीं, केबिन में भी कई अहम बदलाव होने की संभावना है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें नया डैशबोर्ड लेआउट, हॉरिजॉन्टल एसी वेंट्स, 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। हालांकि, पावरट्रेन और मैकेनिकल सेटअप में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं की जा रही है।
Kia Carnival Hybrid
रिपोर्ट्स के मुताबिक, किआ इस साल भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय एमपीवी कार्निवल का नया हाइब्रिड वेरिएंट पेश कर सकती है। इसकी लॉन्चिंग वर्ष की तीसरी तिमाही के अंत तक होने की संभावना जताई जा रही है। अपकमिंग किआ कार्निवल हाइब्रिड में 1.6-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर का संयोजन मिलने की उम्मीद है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स स्टैंडर्ड रूप से दिया जा सकता है, जो फ्रंट-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आएगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार, विशेष रूप से दक्षिण कोरिया में उपलब्ध मॉडल का दावा किया गया माइलेज लगभग 14.0 किमी प्रति लीटर है, हालांकि भारत में उपलब्ध होने वाले मॉडल के आंकड़े लॉन्च के समय अलग हो सकते हैं।
Kia Sorento Hybrid
किआ भारतीय बाजार के लिए अपनी लोकप्रिय एसयूवी सोरेन्टो हाइब्रिड को भी पेश करने की तैयारी में है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस मॉडल का स्थानीय स्तर पर उत्पादन करने की योजना बना रही है, जिससे इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी रखी जा सके। माना जा रहा है कि भारतीय बाजार के लिए इसमें मौजूदा 1.6-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के बजाय 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर आधारित नया हाइब्रिड पावरट्रेन दिया जा सकता है। ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स स्टैंडर्ड रहने की संभावना है। इसके अलावा, ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसे फ्रंट व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल व्हील ड्राइव (AWD) दोनों विकल्पों के साथ लॉन्च किया जा सकता है।









